चंडीगढ़। पंजाब के तकनीकी शिक्षा मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी के विधायक सुखपाल सिंह खैहरा पर राष्ट्रीय ध्वज का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। चन्नी ने कहा कि खैहरा अपनी कार पर राष्ट्र चिन्ह या फिर तिरंगा नहीं लगा सकते क्योंकि ऐसा करने से राष्ट्रध्वज और राष्ट्र चिन्ह का अपमान होता है। दूसरी तरफ खैहरा का कहना है कि ये कार पंजाब सरकार ने उन्हें उपलब्ध करवाई है।
चन्नी का कहना है कि इसके इस्तेमाल को लेकर नियम बनाए गए हैं, जिन्हे सबकों फॉलो करना चाहिए। इसपर खैहरा ने कहा कि जो कार उन्हें सरकार की तरफ से उपलब्ध करवाई गई है उस पर तिरंगा और राष्ट्र चिन्ह पहले से लगा हुआ था तो फिर मैं कैसे तिरंगे का अपमान कर सकता हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता चन्नी जब नेता प्रतिपक्ष थे तब वो किस अधिकार से कार पर राष्ट्र चिन्ह और तिरंगा लगाकर घूमते थे।
चन्नी ने कहा कि खैहरा मंत्री नहीं हैं, इसलिए फ्लैग कोड ऑफ इंडिया के एक्ट 1950 के तहत वह राष्ट्रीय चिह्न व तिरंगा नहीं लगा सकते। उन्होंने कहा कि वीआइपी कल्चर को लेकर खैहरा हमेशा सियासी ड्रामा करते रहे हैं। खैहरा के पिता पुलिस अफसर थे और बाद में मंत्री बने। खैहरा हमेशा से वीआइपी कल्चर में रहे हैं। इसलिए खैहरा वीआइपी कल्चर से दूर रह ही नहीं सकते। वह हमेशा उल्टी-सीधी हरकतें करके खबरों में बने रहना चाहते हैं।