भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को मंत्रालय में एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूलों की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लोगो और शुभंकर का अनावरण किया। प्रतियोगिता भोपाल में 9 से 13 दिसंबर तक होगी। 23 राज्यों के लगभग 5000 खिलाड़ी और सहयोगी अधिकारी 16 खेल विषयों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने खेल प्रतियोगिता की सफलता और प्रतिभागियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
एकलव्य राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए मुख्यमंत्री द्वारा जारी लोगो महाभारत के चरित्र एकलव्य की तस्वीर पर आधारित है। चित्र में एकलव्य, शक्ति, समर्पण, निष्ठा और साहस को दिखाया गया है। इसके चारों ओर हरे रंग का गोला प्रकृति और पृथ्वी को इंगित करता है। यह प्रकृति को संरक्षित करने के लिए भी प्रेरित करता है। लोगो में पीला रंग खुशी, सकारात्मकता और ऊर्जा का प्रतीक है।
एकलव्य राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए मुख्यमंत्री द्वारा जारी मैस्कॉट ‘बाग मुन्ना’ है। बाघ न केवल एक राष्ट्रीय पशु है बल्कि मध्य प्रदेश को भी टाइगर राज्य का दर्जा प्राप्त है। बाघ गर्व, शक्ति, साहस और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए बनाया गया लोगो और शुभंकर प्रतिभागियों के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा।
मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए एक स्टोल दिया गया। चंदेरी के बुनकरों द्वारा विशेष रूप से स्टोल तैयार किया गया है। इस अवसर पर मुख्य सचिव एसआर मोहंती, प्रमुख सचिव आदिम जाति कल्याण दीपाली रस्तोगी और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।