पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष और विधान पार्षद रामचन्द्र भारती ने केंद्र सरकार पर बिहार के विकास के साथ सौतेला व्यवहार करने आरोप लगाया है। भारती ने एक बयान में केंद्र सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि बजट में बिहार के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र कुछ दे नहीं रही है, जो मिल रहा है उसमें कटौती कर विकास में रोड़ा अटका रही है।
भारती ने कहा कि बजट से पहले बिहारवासियों को बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन बजट आने के बाद सारी उम्मीदें धरी की धरी रह गई। उन्होंने बिहार भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के खिलाफ बयानबाजी करने में आगे रहते है, लेकिन केंद्र सरकार के बिहार की उपेक्षा मामले में एक बार भी बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार के लोगों की उम्मीदों को तोड़ा है। बजट में बिहार के लोगों के लिए कुछ भी नहीं रखा गया। केंद्र सरकार के खिलाफ बोलते हुए उनहोंने इस बजट को निराशाजनक करार दिया।