जयपुर। अलवर को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले के मास्टर माइंड अभिषेक जोशी ने मुंबई में सनमित्रा को-ऑपरेटिव बैंक के जरिये करीब तीन करोड़ की गड़बड़ी की थी। जयपुर में भी उसने फर्जी बैंक खाते खोल कर करीब तीन करोड़ का लोन उठा लिया। एसओजी की गिरफ्त में चल रहे इस गिरोह के लोगों से यह जानकारी मिलने के बाद एसओजी के अधिकारी मुबंई स्थित इकोनॉमिक विंग के अधिकारियों से जांच साझा कर गिरोह के और फर्जीवाड़े पता करने में लगे हैं। एसओजी के मुताबिक बैंक घोटाले के मास्टर माइंड अभिषेक के आर्थिक अपराध की लंबी फेहरिस्त है।
जोशी ने मुबंई में सन मित्रा बैंक का चेयरमेन बन कर बैंक के जरिए करीब तीन करोड़ की गड़बड़ी की है। इसमें दो करोड़ की बात तो खुद जोशी ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार की है। जोशी व अन्य लोग तीन जनवरी तक रिमाण्ड पर हैं। एसओजी के मुताबिक जोशी ने सनमित्रा को-ऑपरेटिव बैंक के जरिए करीब 18 फर्जी खाते खोल कर उन पर करोड़ों रुपए लोन उठा लिया। एसओजी अधिकारियों के मुताबिक करीब दस से अधिक लोग इस गिरोह में और शमिल हैं जिनकी धरपकड़ की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/त्रिवेदी/सुप्रभा