इलाहाबाद। भारतीय जनता पार्टी की यहां आयोजित बैठक को लेकर महानगर में व्यापक स्तर पर पोस्टर वॉर छिड़ा हुआ है। भाजपा में कभी नारा लगाया जाता था, ‘भारत मां की तीन धरोहर, अटल, आडवाणी, मुरली मनोहर।’ भारतीय जनता पार्टी के इन पोस्टरों में जहां पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी की झलक दिखाई पड़ती है।
इलाहाबाद से कई बार सांसद रहे डॉ. मुरली मनोहर जोशी आज अपने घर इलाहाबाद में ही पार्टी की उपेक्षा के शिकार हो गए हैं। हाल यह है कि न तो उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने का न्योता मिला है और न ही पार्टी के पोस्टरों में ही कहीं उनकी तस्वीर दिख रही है।
इन पोस्टरों के जरिये स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया है कि डॉ जोशी के साथ उनके अपने शहर इलाहबाद में भी बेगानों जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है। भाजपा के सूत्र बताते हैं कि वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी दो दिनों से शहर में मौजूद हैं। बावजूद इसके उन्हें कोई तबज्जो नहीं दी गई। हालांकि कार्यकर्ताओं की ओर से विरोधस्वरूप कुछ पोस्टर जरूर लगाए गए हैं जिनमें जोशी की तस्वीरें हैं।