लखनऊः यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने जहां सियासी शोर मचाना शुरू कर दिया है, वहीं सत्ता रुढ़ भारतीय जनता पार्टी भी सत्ता में पुनः वापसी को लेकर कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं दिखाई दे रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शनिवार और रविवार के दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश आ रहे हैं। इस दौरान वे लखनऊ और आगरा में पार्टी द्वारा आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
लखनऊ में कार्यक्रम
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि जेपी नड्डा शनिवार सुबह 11 बजे चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर पहुंचेगें, जहा पार्टी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जायेगा।
ये नेता होंगे मौजूद
इस दौरान वे साढ़े ग्यारह बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @JPNadda जी 7 अगस्त 2021 को सुबह 11:30 बजे, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ, उत्तरप्रदेश में
“ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष सम्मेलन” को संबोधित करेंगे। pic.twitter.com/bphorKiSoc— Office of JP Nadda (@OfficeofJPNadda) August 6, 2021
लखनऊ में ही करेंगे रात्रि विश्राम
मनीष दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि सवा एक बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ही विधानसभा प्रभारियों के साथ वे बैठक करेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे। नड्डा दोपहर साढ़े तीन बजे लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे और शाम चार बजे वहां प्रदेश भाजपा सरकार के मंत्रियों, पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष रात्रि विश्राम लखनऊ में ही करेंगे। अगली सुबह वह 10 बजकर 40 मिनट पर आगरा पहुंचेंगे।
आगरा में आयोजित कार्यक्रम
आगरा पहुंचने के बाद जेपी नड्डा सुबह 11 बजे ताज विलास होटल, फतेहाबाद रोड में जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, पार्टी की क्षेत्रीय टीम और क्षेत्रीय मोर्चा अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। जिसके बाद वह इसी स्थान पर विधायकों व विधान पार्षदों के साथ बैठक करेंगे।
दोपहर तीन बजे नड्डा फतेहाबाद रोड पर स्थित होटल एसएनजे गोल्ड में कोरोना योद्धाओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में कई प्रमुख चिकित्सक हिस्सा लेंगे। जिसके बाद वह दिल्ली वापस लौट जाएंगे।