बलिया: बलिया जिले के बैरिया से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा का विषय बने रहते हैं। उन्होंने शनिवार को फिर एक बार विवादित बयान दे दिया है।
बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि, यूपी की धरती पर शिवाजी का वंशज आ चुका है। ताजमहल पहले शिव मंदिर था और बहुत जल्द वह राम महल हो जाएगा।
‘प्रदेश सरकार में ताजमहल बनाया जाएगा राम महल’
भाजपा विधायक ने कहा कि, गोरखनाथ जी ने शिवाजी के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को वैसे ही दिया, जैसे समर्थ गुरु रामदास ने भारत को शिवाजी दिया था। उन्होंने कहा, ताजमहल पहले शिव मंदिर था और जल्द ही प्रदेश सरकार में इसे राम महल बनाया जाएगा।
सपा सरकार पर साधा निशाना
बैरिया विधायक ने मुरादाबाद में यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के सामने उनके अंगरक्षकों व कार्यकर्ताओं द्वारा पत्रकारों को पीटने उनके कैमरे तोड़ने की घटना की निंदा की। उन्होंने कहा, सपा के लिए यह नई बात नहीं है। उनका चरित्र ही ऐसा है, जो कभी-कभी दिखने लगता है। यह सपाइयों का संस्कार है, जो पत्रकारों पर डंडा चला रहे हैं, लेकिन योगी जी के शासन में इसकी जगह नहीं है, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने इस मामले में कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने कहा कि, अब यह वह जमाना नहीं है कि देश विरोधी मानसिकता वालों को तरजीह देने वालों को भी नेता बना दिया जाता था। अब वही लोग नेता बनेंगे, जो भारत और भारतीयता की जय बोलने वाले हैं। यह मोदी जी ने प्रमाणित कर दिया है। इसीलिए गोरखपुर पीठाधीश्वर ने भी उत्तर प्रदेश में शिवाजी की तरह हिंदुत्व की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तैयार किया है।