बिहार। कांग्रेस पार्टी में इन दिनों टूट की खबरें लगातार सुर्खियों में अपनी जगह बना रही हैं। इस बीच मीडिाय से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी भावुक हो गए। उनका कहना है कि पार्टी को 25 साल देने के बाद अब उन्हें साइड लाइन का मुंह देखना पड़ रहा है। बिहार में गठबंधन टूटने के बाद कांग्रेस में फूट पड़ने की खबर सामने आ रही है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी अब पार्टी को एकजुट करने में लगे हुए हैं।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि बिहार में 27 में से 18 विधायक टूट कर बीजेपी या जेडीयू का दामन थाम सकते हैं। विधायकों को तोड़ने का आरोप लालू यादव सीएम नीतीश कुमार पर पहले ही लगा चुके हैं। गुरुवार को राहुल गांधी ने कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक की। जिस वक्त राहुल गांधी विधायकों से बात कर रहे थे उस वक्त अशोक चौधरी पटना में मीडिया से बात कर रहे थे। इस दौरान अशोक चौधरी ने आरोप लगाया की पार्टी में कुछ ऐसे लोग हैं जो पार्टी तोड़ने का काम कर रहे हैं।
अशोक चौधरी ने कहा कि पार्टी के अंदर के ही लोग पार्टी तोड़ने में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि पहले उनका मंत्री पद चला गया और अब उन्हें लगता है कि अध्यक्ष पद भी उनके हाथों से चला जाएगा। जानकारी के लिए बता दें कि अशोक चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष कार्यकाल पूरा हो गया है। जिसके बाद अब साफ हो गया है कि आलाकमान कभी भी नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान कर सकता है।