लखनऊ: पीजीआई में शनिवार रात यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर माल एवेन्यू स्थित उनके घर पर रखा गया, जहां यूपी सरकार में मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, स्वाति सिंह, बसपा प्रमुख मायावती श्रद्धांजलि देने पहुंची।
यूपी विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित और कैबिनेट मंत्री मोती सिंह, महेंद्र सिंह ने भी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। दिल्ली से पीएम मोदी भी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उनको रिसीव किया।
कुछ ही देर में पीएम मोदी का काफिला कल्याण सिंह के आवास पहुंचेगा। पीएम मोदी के आगमन से पहले सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी लखनऊ पहुंचेंगे।
पीएम मोदी के आगमन से पहले सभी रास्तों को ब्लॉक कर दिया गया है। कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर 1:15 पर विधानसभा और उसके बाद बीजेपी कार्यालय ले जाया जाएगा। वहां कार्यकर्ता और आम लोगों के दर्शन करने के लिए कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर रखा जाएगा।