लखनऊ। यूपी में पंचायत चुनावों में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों की मौतों के मामले को लेकर विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है। इस बीच उत्तर प्रदेश दूरस्थ बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि यूपी में कोविड से मरने वाले शिक्षकों, शिक्षामित्रों, संविदा कर्मचारियों और अन्य सभी कर्मचारियों के लिए एकसमान नियम लागू करें।
उन्होंने कहा कि इससे कोरोना से मरने वाले सभी कर्मचारियों के परिवार वालों में से किसी एक व्यक्ति को समान पद पर नियुक्ति मिल सकेगी। उन्होंने कहा की अनुकंपा नियुक्ति के लिए आयु सीमा व टेट आदि नियम का बंधन हटा लिया जाए।
अनिल यादव ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के लिए पात्र पत्नी के लिए आयु सीमा का बंधन समाप्त करने तथा पुरुष के लिए मौजूदा अनुकंपा नियम में तय आयु सीमा में भी छूट देने का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि इस विशेष परिस्थितियों के लिए छूट देना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अनुकंपा का लाभ सभी नियमित, स्थाई कर्मचारी, सभी दैनिक वेतन भोगी, संविदा, कर्मचारियों को मिलना चाहिए। इसी तरह कोविड-19 विशेष अनुग्रह योजना के तहत पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि दी जाए। यह राशि उनके परिवार का संबल बनेगी। इसमें शिक्षक, शिक्षामित्र, विभाग के अन्य कर्मचारी, अनुदेशक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ताओं को भी योजना में शामिल किया जाए।
उन्होंने कहा यूपी में जल्द कोरोना से जिनकी जान गई हैं उनके आश्रितों को नौकरी व सहायता राशि देने का आदेश जल्द जारी किया जाए। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि इसमें प्रदेश के समस्त स्थाई व अस्थायी कर्मचारियों को शामिल करने पर विचार करना चाहिए।