पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी बजट पेश करेंगे। इससे पहले विधानसभा में हंगामा और नारेबाजी की गई। आरजेडी और कांग्रेस के विधायक विधानसभा के गेट पर जमा हो गए और विधायक मनोज बैठा की गिरफ्तारी की मांग की। विपक्ष ने विधानसभा के अंदर भी मनोज बैठा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। आरजेडी और कांग्रेस के विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी की। हंगामा बंद न होता देख विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी मनोज बैठा को बचा रही है। जिसने 9 बच्चों की जान ले ली, उसके खिलाफ कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हो रही है। इस संबंध में बीजेपी नेता नंद किशोर यादव ने कहा कि मनोज बैठा को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है। वह भाग कर कहां जाएगा।