बागपतः उत्तर प्रदेश की बागपत जेल में बंद एक कैदी की जेल में संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई। दो दिन पहले दुष्कर्म मामले के आरोपी सुनील को चांदीनगर पुलिस ने जेल भेजा था। वहीं, जेल प्रशासन इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि परिजनों ने पुलिस प्रताड़ना के चलते हत्या का आरोप लगाया है और मौत के कारणों की जांच की मांग की है।
जेल पर लापरवाही का आरोप
चांदीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को ढिकोली गांव में एक बच्ची जामुन खाने गई थी, तभी मृतक सुनील ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया था। शनिवार सुबह 10 बजे युवक के आत्महत्या की सूचना जेल प्रशासन ने परिजनों को दी। परिजन बागपत जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजनों ने जेल प्रशासन और पुलिस द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
सुनील के पजिनों ने उसको निर्दोष बताया है। परिजन कुलदीप का कहना है कि सुनील पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाया गया था। परिजनों ने युवक की मौत के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।
बाथरूम में लटका मिला शव
जेल अधीक्षक रविंदर कुमार ने बताया कि युवक की मौत का पता सुबह सुबह चार बजे लगा जब सुनील का शव बाथरूम में उसके ही लोवर से लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई।