आजमगढ़ः एक युवक ने अपनी मंगेतर को मिलने बुलाया और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया। युवक अपने मंगेतर की हत्या कर मौके से फरार हो गया। वहीं, युवती की हत्या से पूरे घर में मातम फैल गया। पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है।
दरअसल, पूरा मामला अतरौलिया इलाके के पुरखी गांव से जुड़ा हुआ है। विनोद कुमार की बेटी खुशबू की शादी अहरौला के भैसापुर परौली गांव के रहने वाले देवानंद उर्फ गोली के साथ तय हुई थी। चार महीने पहले दोनों की सगाई भी हो चुकी थी। सगाई के बाद दोनों आपस में फोन पर बातचीत कर रहे थे।
एक दिन देवानंद ने खुशबू को मिलन के लिए बुलाया। जिसके बाद खुशबू अपने मंगेतर देवानंद से मिलन के लिए अपनी भाभी के साथ शाहपुर बाजार गई। देवानंद और खुशबू मिलकर बातचीत कर रहे थे। तभी देवानंद ने खुशबू की भाभी को ये कहकर दूर जाने के लिए कहा कि हम लोग कुछ प्राइवेट बात करना चाहते हैं।
भाभी के दूर जाते ही देवानंद ने मौका पाकर धारदार हथियार से खुशबू की गर्दन पर वार किए। खुशबू की चीख-पुकार सुनकर उसकी भाभी ने शोर मचाते हुए लोगों से मदद की गुहार लगाई। हमला करने के बाद देवानंद फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने घायल अवस्था में खुशबू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही खुशबू की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पूरे घर में मातम फैल गया।
वहीं, पुलिस ने मामले के दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।