रामपुर। यूपी में सहारनपुर और बुलंदशहर जैसी घटनाओं को लेकर यूपी के कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। रविवार को रामपुर में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के एक वीडियों ने इन सवालों को और हवा दे दी है। जिसके बाद सपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान ने योगी आदित्यनाथ सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि रामपुर में जो हुआ है, ऐसी घटनाएं होना कोई हैरत की बात नहीं है। आजम खान ने कहा कि मौजूदा सरकार में जितने बलात्कार, हत्याएं और लूट हुई हैं, इसमें कोई हैरत की बात नहीं है। जब सरकार हर मामले पर अनदेखी करेगी तो ऐसे में ऐसी घटनाएं होना तो आम है।
सपा के कद्दावर नेता आजम खान ने नोएडा के जेवर में बुलंदशहर रोड पर हुई लूट और रेप की घटना पर भी योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि बुलंदशहर के हादसे के बाद हर शख्स को कोशिश करनी चाहिए कि अपने घर की औरत को वो घर में रखें। आजम खान ने कहा कि लड़कियों को भी ऐसी जगह नहीं जाना चाहिए, जहां बेशर्मी का नंगा नाच होता हो। आजम खान ने बीजेपी सरकार पर तंज सकते हुए कहा कि वो योगीजी को धन्यवाद कहना चाहेंगे कि उनकी अनदेखी से अपराध इस हद तक बढ़ रहे हैं।
सात ही रामपुर से खुलेआम भरी दोपहर में दो लड़कियों के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सामने आया है। एक सुनसान सड़क पर 5-6 मनचलों ने दो लड़कियों को पकड़ लिया और फिर उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। इससे पहले ग्रेटर नोएडा के जेवर में बुलंदशहर रोड पर बदमाशों ने कार सवार परिवार को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। साथ ही गाड़ी में मौजूद महिलाओं ने बदमाशों पर रेप का आरोप लगाया था।