रामपुर। उत्तर प्रदेश में पहले चरण के मतदान होने में कुछ दिनों का समय बचा हुआ है। सभी पार्टियां जोरो-शोरों से चुनावी तैयारियां कर रही हैं। जिस रफ्तार से चुनाव नजदीक आ रहे हैं उसी रफ्तार से प्रदेश में नेताओं की जुबान फिसलती जा रही है। पहले भाजपा नेताओं के विवादित टिप्पणी ने प्रदेश के सियासी माहौल को गरम कर दिया और अब समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान का नाम भी विवादित बयान देने वाले नेताओं में शुमार हो गया है।
आजम खान ने एक चुनावी सभा में कहा कि मुस्लिमों के बगैर यूपी का कोई बादशाह नहीं बन सकता। आज़म ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का बादशाह देशवासियों को चोर कहता है, जबकि सबसे बड़ा रावण लखनऊ में नहीं दिल्ली में रहता है। उन्होंने केन्द्र सरकार के बजट की आलोचना करते हुए कहा कि छात्रों, नौजवानों और किसानों के लिए भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया।
आज़म ने कहा, ‘हमें (मुसलमानों को) गाली देकर हिन्दुस्तान खुशहाल नहीं हो सकता। अल्पसंख्यकों को अपनी ताकत का अंदाजा नहीं है, जो यूपी और पूरे देश की तस्वीर बदल कर रख सकते है।’ गौरतलब है कि आज़म इससे पहले भी कई बार अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में आ चुके हैं। वह लोकसभा चुनाव को लेकर भी मुसलमानों के सम्बन्ध में इसी तरह का बयान दे चुके हैं।