नई दिल्ली। आईपीएल के 11वें संस्करण में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में टीम ने एक बार फिर धोनी के आगे घुटने टेक दिए। बुधवार को हुए मैच में विराट का बल्ला कमाल नहीं दिखा पाया,लेकिन फिर भी उनकी टीम ने चेन्नई के सामने 206 रनों का लक्ष्य रख दिया। इसके बावजूद चेन्नई ने मैच को पांच विकेट से जीत लिया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे धोनी ने 34 गेंदों में 70 रन की पारी खेल अपनी टीम को जीत दिला दी।
वहीं अब विराट के नेतृत्व में टीम हारे और अनुष्का शर्मा ट्रोल न हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता। टीम की हार के बाद सोशल मीडिया पर विराट के फैंस ने अनुष्का शर्मा को ट्रोल करना शुरू कर दिया और इस हार के लिए सीधा मिसेज कोहली को जिम्मेदार ठहरा दिया। यूजर्स ने लिखा की आप मैच देखने मत आया करों। किसी ने लिखा कि आप पनौती हो जब भी मैच देखने आती हो विराट कोहली का बल्ला कमाल ही नहीं दिखा पाता। साथ ही एक यूजर ने लिखा की अनुष्का भाभी को देखकर मैच का मजा किरकिरा हो गया।
गौरतलब है कि बीती रात खेले गए इस मुकाबले ने रोमांच की सारी हदें तोड़ दी। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए। चेन्नई सुपरकिंग्स के सामने इस पहाड़ जैसे लक्ष्य को पार करने की मुश्किल चुनौती थी। मैच जब मुश्किल मोड़ पर जा पहुंचा था तब पारी के 16वें ओवर में कैमरा ने अनुष्का शर्मा पर फोकस किया। बालकनी में खड़ी अनुष्का अपने हबी विराट कोहली का मनोबल बढ़ाती नजर आईं।
मैच में सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के चमत्कारिक प्रदर्शन के बूते विराट की आरसीबी को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में विराट का प्रदर्शन भी कोई खास नहीं था। बेहतर शुरुआत के बावजूद विराट महज 18 रन बनाकर सस्ते में डग आउट लौट गए। आरसीबी की हार और विराट के गैर जिम्मेदाराना खेल के लिए अब हमेशा की तरह एक बार फिर अनुष्का शर्मा को ट्रोल किया जाने लगा।


