महिलाओं को रखता था सेक्स गुलाम बनाकर, हुई 120 साल की सजा

अमेरिका की एक कोर्ट ने खुद को ‘सेल्फ हेल्प’ गुरु बताने वाले और महिलाओं को ‘सेक्स गुलाम’ बनाकर रखने वाले शख्स कीथ रेनियर को 120 साल की सजा सुनाई हैं। कीथ रेनियर पर कई महिलाओं ने बहका कर यौन गुलाम बनाने और बाद में उनका यौन शोषण करने का आरोप लगाया था।
मिली आजीवन कारावास की सजा
मंगलवार को न्यूयॉर्क की एक कोर्ट में यह आरोप सिद्ध हुए और कीथ रेनियर इन सभी आरोपों में दोषी पाए गए। इस आधार पर कोर्ट ने कीथ रेनियर को 120 की सजा सुनाई हैं। 60 साल के कीथ को 120 साल की सजा हुई है जिसका मतलब है कि वो अब जेल से बाहर नहीं आ पायेगा।
यौन शोषण के साथ साथ करता था ठगी
जानकारी के मुताबिक कीथ रेनियर अपने फ़ॉलोवर्स या अनुयायियों से पांच दिवसीय सेशन के 5000 डॉलर लेता था। कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि कीथ ने न सिर्फ उनके साथ पैसों की ठगी की बल्कि उनका यौन शोषण भी किया। उसका संगठन एक पिरामिड स्ट्रक्चर के तहत काम करता था जिसमें महिलाओं को ‘यौन गुलाम’ और उसे खुद ‘ग्रैंड मास्टर’ का दर्जा हासिल था। इन महिलाओं के लिए कीथ रेनियर के साथ यौन संबंध बनाना अनिवार्य होता था।
15 वर्षीय नाबालिग लड़की को भी बनाया शिकार
कई महिलाओं ने कीथ रेनियर पर यौन साधना के दौरान फोटो और वीडियो बनाने और बाद में उनके जरिए ब्लैकमेलिंग के भी आरोप लगाए थे। कई महिलाओं के साथ कीथ के आश्रम में जानवरों से भी बदतर व्यवहार होता था और उन्हें हर किसी के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जाता था। कीथ के खिलाफ, ठगी, सेक्स ट्रैफिकिंग, एक्सटोर्शन, क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी और एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के यौन शोषण के आरोप साबित हुए है। नाबालिग लड़की ने कोर्ट को बताया कि कीथ ने उसे बहका कर ‘यौन गुलाम’ बनने के लिए मजबूर किया था।
खुद को सजा देने की विनती की
कीथ के खिलाफ कुल 15 लोगों ने गवाही दी जिसमें से 13 महिलाएं है। कीथ के इस नेक्सियम कल्ट पर HBO ने बीते दिनों एक सीरीज भी रिलीज की है जिसमें उन लोगों ने अपनी कहानी बयां की है जो इसमें फंस गए थे। कीथ ने मंगलवार को फैसला सुनाए जाने से पहले सभी पीड़ितों से माफ़ी मांगी और कहा कि वह उनका दर्द और गुस्सा समझ सकते हैं। उसने न सिर्फ अपना अपराध कबूला बल्कि खुद को सजा देने के लिए जज के सामने विनती भी की। कीथ के साथ उसके 5 अन्य सहयोगियों को भी सजा सुनाई गई हैं।