पुरोला। विधानसभा चुनाव की जंग में कूदी भाजपा परिवर्तन यात्रा के जरिए लगातार सूबे में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी पर हमलावर है। लगातर वो कांग्रेस शासन को जन विरोधी बताकर उसको सत्ता से दूर करने के लिए जनता के बीच अपनी यात्रा को लेकर जा रही है। उत्तराखंड को कांग्रेस मुक्त के अभियान में वो लगातार जनता के बीच कांग्रेस के विकास के नाम पर किए गये खेल को गिना रही है। परिवर्तन यात्रा इसी क्रम में पुरोला पहुंची। जहां यात्रा का कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से स्वागत किया।
इस मौके पर जनसभा में प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि सूबे में कांग्रेस के विकास के नाम के खेल से जनता आजिज आ चुकी है और जनता ने इस बार कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। इस बात का सबूत हमारी परिवर्तन यात्रा में जनता का सीधे तौर पर जुड़ना देखा जा रहा है। जनता केन्द्र में भाजपा शासन की उपलब्धियों को देख रही है, किस तरह सीमा पर सर्जिकल स्ट्राइक और फिर कालेधन पर नकेल कसने केलिए बड़े नोटों पर प्रतिबंध के पीएम के फैसला का जनता तहे दिल से स्वागत कर रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रदेश में चल रही कांग्रेस सरकार का आम जनता से कोई जुड़ाव नहीं हैं। यह सरकार तो केवल खनन माफिया, शराब माफियाओं की मदद करने के लिए तत्पर है। अल्प समय मे जहां देश की केन्द्र सरकार ने जनता के लिए कई सारी योजनाएं चलाई जैसे उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री बीमा योजना, जनधन योजना वहीं सूबे की सरकार इस पर एक परक नहीं चल पा रही है।