लखनऊ। समाजवादी पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने शनिवार लखनऊ में कहा कि गाजीपुर में सपा सबसे मजबूत है, इसलिए सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव वहीं से चुनावी बिगुल फूंकेंगे। उन्होंने कहा कि सपा के शंखनाद से बसपा और भाजपा दोनों हवा में उड़ जाएंगी। पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान यादव ने कहा कि तैयारियों के संबंध में बैठक करके सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को निर्देश दे दिया गया है।
यादव ने कहा कि ‘नेताजी की गाजीपुर में ऐतिहासिक रैली होगी।’ उन्होंने कहा, “गाजीपुर जिला हमेशा से ही नेताजी के साथ रहा है। नेताजी भी गाजीपुर को बहुत चाहते हैं। इसलिए उन्होंने पूरे प्रदेश में गाजीपुर को चुना है।” प्रदेश सपा अध्यक्ष ने पूर्वाचल के सभी कार्यकर्ताओं को 23 नवंबर को गाजीपुर पहुंचने का निर्देश दिया है। शिवपाल समेत अन्य सपा कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जोरों शोरों से जुटे हुए हैं।