मेरठ। विधानसभा चुनावों का बिगुल बजते ही प्रदेश में सभी पार्टियां अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा कर रही है। भाजपा प्रवक्ता संदीप पात्रा ने भी मेरठ में बोलते हुए दावा किया कि प्रदेश में बीजेपी की ही सरकार बनेगी। संदीप ने कहा कि इस बार जनता परिवर्तन के मूड में है। मायावती और आजम खान ने मुस्लिम समुदाय को फुटबाल बना रखा है। राहुल गांधी का करियर खत्म हो गया है। कांग्रेस ने हमेशा नोट पर छपे गांधी से प्यार किया है।
माल रोड स्थित पंडित दीनदयाल कालेज में आयोजित परिवर्तन संवाद में संबोधित करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा शनिवार को मेरठ पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में राहुल गांधी व अखिलेश यादव को एक दूसरे का सहारा देने का माध्यम बताते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कैरियर बनने से पहले ही खत्म हो गया।
वहीं, सपा के परिवारवाद ने अखिलेश का कैरियर समाप्त कर दिया। जिस 27 साल यूपी बेहाल का नारा देकर राहुल गांधी सपा को कोसने में लगे थे। आज वही सपा की साईकिल पर बैठने के लिए तैयार हैं। बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मायावती व आजम खान ने संप्रदाय विशेष को फुटबाल बना रखा है। दोनों वोट के लिए मुझे दो-मुझे दो कहते हैं और उनके लिए कोई काम करते नहीं।
संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस ने आज तक गांधी दर्शन से प्यार नहीं किया। गांधी दर्शन से प्यार का सिलसिला नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने शुरू किया। गांधी जी के सपनों को साकार करने का सिलसिला भाजपा ने शुरू किया है। अब परिवर्तन की शुरूआत हो चुकी है।
राहुल गुप्ता, संवाददाता